बहराइच। आबकारी व पुलिस विभाग की टीम ने शनिवार की देर रात कोतवाली देहात के हुसैनपुर गांव स्थित एक घर मेें छापा मारा। इस दौरान फायरिंग करते हुए भाग रहे दो अवैध कारोबारियों को टीम ने मौके पर धर दबोचा। इस दौरान आबकारी व पुलिस की टीम को भी कई राउंड फायरिंग करनी पड़ी। टीम ने घर को खंगालने के बाद मौके पर काफी संख्या मेें खाली शराब की बोतलें, हॉलमार्क, स्प्रिट, रैपर, ढक्कन, अल्कोहल, अल्कोहल मीटर, 35 लीटर तैयार नकली शराब व एक बाइक बरामद की है। मौके से दो लोग फरार हो गए हैं।
कोतवाली देहात के हुसैनपुर गांव मेे काफी दिनों से देशी शराब बंटी, बबली व झूम नाम की शीशी मेें नकली शराब तैयार कर बेचने का गोरखधंधा चल रहा था। इसकी सूचना जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया को मुखबिर के माध्यम से मिली थी। डीईओ लवानिया ने एसपी सुजाता सिंह को सारे मामले से अवगत कराते हुए उनके सहयोग से आबकारी व पुलिस बल की टीम के साथ शनिवार की देर रात हुसैनपुर गांव निवासी श्रीचंद के आवास की घेराबंदी कर छापा मार दिया। छापे से अवैध शराब कारोबारियों में अफरातफरी मच गई। कारोबारियों ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। लेकिन पहले से घेराबंदी किए टीम ने भी कई राउंड फायरिंग करते हुए भाग रहे सरगना श्रीचंद व उसके साथी अमरजीत को मौके पर ही धर दबोचा।
टीम ने घर मेें घुसकर पूरे घर को खंगालना शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपी के घर से काफी मात्रा मेें खाली शराब की बोतलें, हॉलमार्क, स्प्रिट, रैपर, ढक्कन, अल्कोहल, अल्कोहल मीटर, प्लास्टिक के जेरीकेन, 35 लीटर तैयार नकली शराब व एक बाइक बरामद किया है। टीम ने गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों से पूछताछ शुरू की, तो गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि सभी यूरिया, नौसादर, स्प्रिट आदि से नकली शराब तैयार कर बंटी, बबली व झूम की शीशी मेें भरकर बेचने का काम कई दिनों से कर रहे थे।
आबकारी व पुलिस महकमे की टीम ने मामले मेें चार अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न धाराओं मेें मुकदमा दर्ज कर दो अभियुक्तों को जेल भेज दिया। छापे के दौरान आबकारी निरीक्षक सुनील कुमार, अरविंद सिंह, एके मिश्रा, अर्चना पांडेय, विवेक चौहान, टिकोरामोड़ चौकी प्रभारी प्रियंका सिंह, चालक जावेद हुसैन, अमित सिंह, कांस्टेबल विजयवीर सिंह, देवेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
स्प्रिट की सप्लाई करने वाले गोंडा निवासी के घर पर दी गई दबिश
अवैध शराब पर अंकुश को लेकर डीएम व एसपी के निर्देश पर मुखबिरों को लगाया गया था। एक सप्ताह तक रेकी किए जाने के बाद शनिवार की देर रात मुखबिर की सूचना पर विभाग को बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों द्वारा नौसादर, स्प्रिट, यूरिया आदि से तैयार की जा रही नकली शराब जानलेवा साबित हो सकती है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की निशानदेही के आधार पर ढक्कन आदि की सप्लाई करने वाले जनपद निवासी जयंकर सिंह व स्प्रिट सप्लाई करने वाले गोंडा निवासी रमेश पाठक के घर पर दबिश दी गई थी। लेकिन दोनों अभियुक्त मौके से फरार हो गए हैं। जबकि दो अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है। दोनों फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है। अवैध शराब के खिलाफ अभियान अभी आगे भी जारी रहेगा। -प्रगल्भ लवानिया, जिला आबकारी अधिकारी, बहराइच