बहराइच। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जनपद में संचालित 2803 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व संविलियन विद्यालयों में आज से परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। परीक्षाओं में कुुल पांच लाख 32 हजार 442 नौनिहाल शामिल होंगे। परीक्षाओं के आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रश्न पत्रों व उत्तर पुस्तिकाओं को भी सोमवार को खंड शिक्षाधिकारियों के माध्यम से सभी विकास खंडों में भेज दिया गया है। जहां से विकास खंड में स्थित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को परीक्षा सामग्री सौंप दी जाएगी।
जिले में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से 1819 प्राथमिक विद्यालयों में दो लाख 68 हजार 321, 369 जूनियर विद्यालयों में 53 हजार 937 व 615 संविलियन विद्यालयों में दो लाख दस हजार 184 नौनिहाल पंजीकृत हैं। सभी विद्यालयों में परीक्षाओं का आयोजन 22 से 27 मार्च तक किया जाएगा। इसकी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सभी विकास खंडों में बीईओ के माध्यम से परीक्षा सामग्री भेज दी गई है। जहां से संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को परीक्षा सामग्री के बंडल उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुुमार ने बताया कि परीक्षाओं का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। कक्षा एक के छात्र-छात्राओं की सिर्फ मौखिक परीक्षा होगी। अन्य कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को लिखित व मौखिक दोनों परीक्षाएं देनी होंगी। परीक्षा का आयोजन दो पालियों में होगा। जिसमें प्रथम पाली सुबह 09.30 से 11.30 व दूसरी पाली 12.30 से 02.30 बजे तक आयोजित होगी।