फखरपुर(बहराइच)। फखरपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत सराय जगना में कोर्ट के आदेश के बाद बुलडोजर से मकानों को गिराए जाने के बाद जिले की सियासत गरमा गई है। शनिवार को सपा के प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ितों से मुलाकात कर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़ितों के साथ खड़े रहने की बात कही।
ग्राम पंचायत सरायजगना वजीरगंज बाजार में कोर्ट के आदेश के बाद बीते 25 सितंबर को प्रशासन ने 23 लोगों के मकानों को बुलडोजर से ढहा दिया था। इसके बाद लगातार कांग्रेस व सपा के नेता गांव में पंहुचकर भाजपा को घेरने का कार्य में जुटे हुए है। शनिवार की शाम सपा का प्रतिनिधि मंडल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव व प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री यासर शाह की अगुवाई में लोगों से मुलाकात की।
पूर्व मंत्री शाह ने कहा कि अगर कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की गई है, तो पीड़ितों को सर छुपाने के लिए सरकार को आवास देना चाहिए। प्रतिनिधि मंडल में कैसरगंज विधायक आनंद यादव, पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव, रमेश गौतम, पूर्व विधायक केके ओझा, फारूख अली, अफशाल शानू आदि मौजूद रहे।
...............