मिहींपुरवा नगर पंचायत का वार्ड नंबर 12 बोटनपुरवा में जर्जर इंटरलाकिंग सड़क व क्षतिग्रस्त नाली।
संवाद न्यूज एजेंसी मिहींपुरवा (बहराइच)। नगर पंचायत का वर्ष 2022 में गठन होने के बाद टीचर काॅलोनी, चमारनपुरवा, व टपरा को जोड़कर वार्ड नंबर- 12 का गठन किया गया था। वार्ड की आबादी करीब 2,755 है। वार्ड में नगर पंचायत की ओर से सबसे ज्यादा कार्य कराने का दावा किया जा रहा है, इसके बावजूद वार्ड वासियों की दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
नगर पंचायत द्वारा वार्ड को स्वच्छ रखने के लिए कई स्थानों पर कूड़ेदान को रखवाया गया है, लेकिन कूड़ा उठाने वाले नदारत रहते है। वार्ड की गलियां गंदगी से पटी पड़ी हैं। गंदगी के चलते वार्ड में मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। न ही दवा का छिड़काव हो रहा है और न ही फाॅगिंग की कोई व्यवस्था की गई है।
वार्ड की नालियों की साफ-सफाई न होने से बजबजा रही हैं। जिससे जलनिकासी की समस्या बनी रहती है। वार्ड में बिजली के खंभों की भी कमी है, सड़कें जर्जर अवस्था में हैं। प्रस्तुत है नगर पंचायत मिहींपुरवा के वार्ड नंबर- 12 बोटनपुरवा की पड़ताल करती हुई रिपोर्ट।