बहराइच। खुटेहना चौराहे पर परशुराम द्वार की मांग को साकार करते हुए सदर विधायक ने शनिवार को शिलान्यास पूजन किया। संबंधित विभाग को विधायक ने जल्द ही कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। अब जल्द ही खुटेहना चौराहे पर परशुराम द्वार बनेगा। कार्यक्रम का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष राम उदार मिश्रा ने किया।
सदर विधायक अनुपमा जायसवाल ने कहा सामाजिक न्याय के आदिसंचालक भगवान परशुराम ने चारों युगों में पृथ्वी माता का उद्धार किया है। त्रेता में भगवान राम को अपना शारंग धनुष प्रदान किया। द्वापर में भगवान श्रीकृष्ण को सुदर्शन चक्र और कलियुग में भगवान कल्कि को कराल तलवार प्रदान कर सामाजिक न्याय करेंगे। ब्राह्मण महासंघ के प्रदेश महामंत्री सत्येंद्र शुक्ला ने शिलान्यास के बाद कहा कि सदर विधायक ने परशुराम द्वार और परशुराम चौक का निर्माण कराकर हम सभी का मान बढ़ाया है।
पूर्व मंडल अध्यक्ष चंद्रदेव ने इस सम्मान से सर्व समाज बहुत खुश है। इस मौके पर मंडल के अध्यक्ष मनीष देव त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष चंद्र देव त्रिपाठी, ब्राह्मण महासंघ प्रदेश महामंत्री सत्येंद्र शुक्ला, समाजसेवी तुलसीराम मिश्रा, आनंद जायसवाल, स्मिता मौर्या समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।