मिहींपुरवा (बहराइच)। कतनिर्याघाट वन्यजीव प्रभाग में बीते कई दिनों से व्याप्त हाथियों की दहशत के बीच बुधवार को सीमा से सटे नेपाल क्षेत्र में हाथियों ने एक नेपाली युवक को पटक-पटककर मार डाला। इसके बाद से भारतीय क्षेत्र में दहशत बढ़ गई है। ग्रामीण खेत आदि जाने से भी कतरा रहे हैं।
कतनिर्याघाट वन्यजीव प्रभाग से सटे नेपाल के जंगल में बुधवार को नेपाल के राजापुर वार्ड संख्या- 10 निवासी कांशू थारू(55) पर हाथियों के एक झुंड ने हमला कर दिया। हाथियों ने कांशू को पटक-पटक कर पैरों तले रौंद दिया था जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की जानकारी होने के बाद से नेपाल सीमा से सटे भारतीय क्षेत्र में दहशत बढ़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि भारतीय क्षेत्र में भी हाथियों का झुंड लगातार दस्तक दे रहा है और फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। वहीं नेपाल में हुई घटना के बाद से हमले का भी डर बना हुआ है।