- ओएमआर शीट पर छात्र-छात्राओं ने दिए सवालों के जवाब
- बच्चें में भाषा और गणित के निपुण लक्ष्य का किया गया आकलन कर एप पर अपलोड की शीट
- तमाम परीक्षार्थी नहीं भर पाए ओएमआर शीट
अमर उजाला पड़ताल
फोटो- 06 से 10 तक
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। जिले के परिषदीय विद्यालयों में शुक्रवार को छात्र-छात्राओं ने ओएमआर शीट पर नैट यानी निपुण एसेसमेंट टेस्ट दिया। दो दिवसीय परीक्षा के पहले दिन कक्षा एक से तीन तक के परीक्षार्थी शामिल हुए। पहले दिन के टेस्ट में नामांकित कुल 185342 लाख बच्चों में लगभग 90 फीसदी विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। शिक्षकों की कमी होने के कारण परीक्षा में थोड़ी दिक्कत जरूर आई। अमर उजाला टीम ने परीक्षा की पड़ताल में यह दृश्य सामने आए।
जिले में कुल 2803 परिषदीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इन विद्यालयों में कक्षा एक से आठवीं तक पांच लाख से अधिक छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। इसमें से शुक्रवार को हुई परीक्षा में कक्षा एक से तीन तक के कुल 90 प्रतिशत छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। ब्लॉक स्तर पर जिला स्तरीय अधिकारियों का सचल दल व विद्यालय पर दूसरे स्कूल के शिक्षकों ने निरीक्षण किया। इसके बाद सरल एप पर ओएमआर शीट अपलोड की गई।
सुबह के 10:30 बज रहे हैं। शहर के संविलियन विद्यालय स्टीलगंज तालाब विद्यालय में शिक्षक-शिक्षिकाएं बच्चों से प्रश्न पढ़कर उसका उत्तर लेते नजर आए। पूर्वाह्न 11:00 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन में प्रधानाध्यापिका सीमा परीक्षा कराती मिलीं। यहां कक्षा एक में 14, कक्षा दो में 31 तथा कक्षा तीन में 32 बच्चे परीक्षा देते मिले। यहां शिक्षकों की कमी के कारण परीक्षा कराने में थोड़ी परेशानी देखने को मिली। अन्य कक्षाओं के बच्चे कमरे के बाहर बैठकर पढ़ते देखे गए।
इनसेट
ओएमआर शीट न भर पाने पर शिक्षकों ने की मदद
ओएमआर शीट पर परीक्षा कराने के लिए बच्चों का पहले रिहर्सल कराया गया। इसमें कुछ बच्चों ने ओएमआर शीट नहीं भर पाई। इस पर शिक्षकों ने शीट भरकर मदद की। बलहा के बीईओ अरुण वर्मा ने बताया कि कक्षा एक में 3314 बच्चों में से 3123, कक्षा दो में 3638 में से 3419 व कक्षा तीन में 7313 में 6835 बच्चों ने परीक्षा दी। फखरपुर के संविलयन विद्यालय कोदही में पर्यवेक्षक राजकिशोर सिंह की उपस्थित में नैट की परीक्षा दी। बीईओ राकेश कुमार ने बताया कि कक्षा एक से तीन तक के सभी छात्र-छात्राओं ने प्रश्न पढ़कर उत्तर दिया। सही उत्तर होने पर अध्यापकों ने ओएमआर शीट पर गोला भरा। शिक्षक रवींद्र कुमार मिश्र ने बताया कि इस परीक्षा से बच्चों में भाषा और गणित के निपुण लक्ष्य का आकलन किया गया।
इनसेट
कैसरगंज में 609 विद्यार्थियों ने छोड़ी परीक्षा
कैसरगंज के खंड शिक्षाधिकारी जितेंद्र बहादुर चौधरी के नेतृत्व में सभी 165 प्राथमिक विद्यालयों में परीक्षा कराई गई। यहां कुल नामांकित 10536 के मुकाबले 9927 छात्र छात्राओं ने परीक्षा दी। 609 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दिया। प्राथमिक विद्यालय कुंडासर, मुरावन पुरवा, बैराकाजी, कहरई, शाहपुर रसूलपुर का बीईओ ने निरीक्षण किया। इस अवसर पर अरविंद शुक्ल, अरविन्द शर्मा, महेंद्र कुमार चौधरी, कृपा शंकर दुबे, सुनील कुमार सोनी आदि मौजूद रहे। चित्तौरा के प्राथमिक विद्यालय नगरौर प्रथम की अध्यापिका मुमताज फातिमा ने बताया कि 109 बच्चों ने परीक्षा दी। नवाबगंज व बाबागंज के कंपोजिट विद्यालय बनकुरी में 121 बच्चों ने परीक्षा दी। 13 बच्चे अनुपस्थित रहे। इस अवसर पर बीईओ राधेश्याम, प्रधानाध्यापक शमीम अहमद, शाकिर अली, वचन सिंह, पवन कुमार शुक्ला, रिजवान मौजूद रहे।
वर्जन
जिले के सभी 2803 परिषदीय विद्यालयों में नैट परीक्षा कराई गई। कक्षा एक से तीन तक के लगभग 85 प्रतिशत बच्चे परीक्षा में शामिल हुए। शनिवार को कक्षा चार से आठ के विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
-आशीष कुमार सिंह, बीएसए