नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर हुए सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा।
- फोटो : BAHRAICH
बाबागंज/बहराइच। नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर कलवारी गांव के पास शुक्रवार को एक बोलेरो वाहन ने बैट्री रिक्शा को टक्कर मार दी। जिससे बैट्री रिक्शा पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी चरदा पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। उधर थाना रामगांव अंर्तगत ग्राम कौआ कोड़री के पास एक बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कलवारी गांव के सामने सवारियां बिठाकर एक बैट्री रिक्शा चालक नानपारा से रुपईडीहा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रिक्शे के पीछे से आ रहे एक बोलेरो वाहन का अगला टायर फटने से वाहन ने अनियंत्रित होकर बैट्री रिक्शे को टक्कर मार दी। जिससे रिक्शा चालक हेमराज, महिला पिंकी पत्नी मंशाराम, संगीता पत्नी बंशराज व सुषमा पत्नी बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी चरदा पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। उधर थाना सुजौली के अंर्तगत ग्राम बड़खड़िया निवासी बुलंद पुत्र लालबहादुर बाइक से बहराइच की ओर आ रहे थे। तभी थाना रामगांव अंर्तगत ग्राम कौआ कोड़री के समीप एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।