पयागपुर (बहराइच)। प्रधानमंत्री आयुष्मान और मुख्यमंत्री योजना के तहत ग्रामीणों के कार्ड बनाए जा रहे हैं। इसके लिए विभाग की ओर से 31 दिसंबर तक विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे, लेकिन पयागपुर और पंडितपुरवा ग्राम पंचायत की 9200 आबादी का चयन इस योजना के लिए नहीं हुआ है। वर्ष 2011 की जनगणना का डाटा योजना में शामिल नहीं है, जिससे इन गांवों में लोगों का एक भी कार्ड नहीं बना है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पयागपुर के अधीक्षक के मुताबिक उन्हें अभी तक इस मामले की जानकारी ही नहीं थी।
जिले में प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के कार्ड बनाए जा रहे हैं। इसके लिए वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार लिस्ट में शामिल लोगों के कार्ड बनाए जा रहे हैं, लेकिन पयागपुर ग्राम पंचायत की 7200 आबादी और चैसार गांव के पंडितपुरवा की ढाई हजार आबादी इस महत्वाकांक्षी योजना से वंचित है। दोनों गांवों के लोगों का एक भी कार्ड नहीं बना है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाई जा रही आयुष्मान योजना के लाभ से दोनों गांवों के ग्रामीण वंचित हैं। ग्रामीणों के मुताबिक अधिकारियों की लापरवाही के कारण इन ग्राम सभा के निवासियों का 2011 में हुई जनगणना का डाटा नेट पर फीड नहीं किया गया है, जिससे इन गांवों में एक भी कार्ड नहीं बना है। दोनों गांवों की करीब 9700 आबादी योजना से वंचित है। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पयागपुर के अधीक्षक डॉ. संदीप मिश्रा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले में कोई जानकारी नहीं थी। अब मामला संज्ञान में आया है। इसके लिए जो भी आवश्यक कार्रवाई होगी। उसके लिए पत्र जारी किया जाएगा।
चयन के बाद ही बनेंगे कार्ड
वर्ष 2011 की जनगणना में शामिल लोगों के प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। पयागपुर और पंडितपुरवा गांव के लोगों का डाटा अगर फीड नहीं है तो कार्ड बनने में समस्या होगी। शासन की ओर से इन गांवों का चयन किया जाएगा। इसके बाद ही इन गांवों के लोगों का आयुष्मान कार्ड बन सकेगा।
- डॉ. पीयूष मिश्रा, जिला समन्वयक आयुष्मान कार्ड