बहराइच। मेडिकल काॅलेज में इस वर्ष उत्तीर्ण होने वाले 2020 बैच के टॉपर छात्रों को गोल्ड व सिल्वर मेडल दिए जाएंगे। यह मेडल दीक्षांत समारोह में दो श्रेणियों में दिए जाएंगे, यह मेडिकल काॅलेज का दूसरा बैच है। पहला बैच इस वर्ष ही उत्तीर्ण होकर जा चुका है। यह पहली बार होगा जब मेडिकल काॅलेज के दीक्षांत समारोह में टॉपरों को मेडल दिए जाएंगे।
मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास 15 नवंबर, 2016 को हुआ था। वर्ष 2019 से यहां रेगुलर बैच प्रारंभ हुआ। पहला 100 छात्रों का बैच इसी वर्ष पासआउट होकर निकला। इस बैच का दीक्षांत समारोह फरवरी में तो हुआ, लेकिन टॉपरों को मेडल नही मिल पाया था। इस वर्ष से यह परंपरा शुरू होने जा रही है। 2020 बैच के टॉपरों को गोल्ड व सिल्वर मेडल दिए जाएंगे। इसके लिए दो वर्ग तय किए गए हैं।
पहला वर्ग व्यक्तिगत टॉपरों का होगा और दूसरा ओवरऑल टॉपर का होगा। इस संबंध में और अधिक जानकारी देते हुए मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्रो. संजय खत्री ने बताया कि यह मेडिकल कालेज नया है, यहां अभी कई व्यवस्थाएं नई हैं। इसलिए दूसरे बैच से हम मेडल देने की योजना बना रहे है। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। 2020 के छात्र अभी इंटर्नशिप कर रहे हैं, लेकिन तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। हमारा प्रयास है कि इस मेडिकल काॅलेज से पासआउट होने वाले छात्र देश के किसी भी हिस्से में जाएं, वहां जिले का नाम रोशन करें।