लक्ष्मनपुर गांव में कई दिन से खसरे का प्रकोप है। अधिकांश परिवारों के लोग चपेट में हैं। अब तक 25 मरीजों के खसरे से बीमार होने का पता चला है। इनमें छह की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव नहीं पहुंची है। जिसके चलते लोग बेहाल हैं।
तराई में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच खसरे का प्रकोप तेज हो गया है। मटेरा क्षेत्र में स्थित ग्राम लक्ष्मनपुर में चार दिन से खसरा फैला हुआ है। अधिकांश घरों के लोग चपेट में है। अब तक 25 लोगों के खसरे से संक्रमित होने का पता चला है।
इनमें शिवानी वर्मा (17), गोविंद वर्मा (19), शैलेष (07), अभिनन्दन (12), गुड़िया (02), सीमा (12) की हालत अधिक नाजुक बताई जा रही है। गांव के लोगों ने खसरा फैलने की सूचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर दी है। प्रतिदिन लोग प्रार्थना पत्र दे रहे हैं। लेकिन अब तक स्वास्थ्य टीम मोहल्ले में नहीं पहुंची है। जिसके चलते लोगों की तबियत बिगड़ती जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते लोगों में आक्रोश भी फैल रहा है। इस मामले में शिवपुर सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नलिन राजा ने बताया कि गांव में बीमारी फैलने की जानकारी नहीं थी। अब पता चला है शुक्रवार सुबह टीम भेजी जाएगी।