मिहींपुरवा (बहराइच)। तेंदुए ने बीती देर शाम बाइक सवारों पर हमला कर दिया। बाइक सवार तेंदुए से भिड़ गए। इसके बाद तेंदुआ जंगल में भाग गया। वन टीम ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया।
कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के मुर्तिहा वन रेंज की ग्राम पंचायत सेमरी घटही निवासी छोटे लाल (52) व सोनू (25) शनिवार को मिहींपुरवा गए थे। वहां से देर शाम घर लौट रहे थे। रास्ते में सुरजीपुरवा गांव के पास सड़क किनारे झाड़ियों में बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। दोनों बाइक समेत गिर गए। दोनों ने तेंदुए से संघर्ष कर अपनी जान बचाई।
घायलों ने तत्काल इसकी सूचना वन कर्मियों को दी। वन दरोगा गणेश शंकर शुक्ला दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया। वहां इलाज के बाद दोनों को रविवार को घर भेज दिया गया।