बहराइच। बिजली कर्मचारी संघ का वार्षिक सम्मेलन बीते बुधवार की देर शाम को हुआ। इस दौरान निजीकरण के मुद्दे पर चर्चा करते हुए संगठन की चार कमेटियों में पदाधिकारियों को चुना गया।
शहर के मालगोदाम रोड स्थित ऊर्जा भवन के सभागार में बिजली कर्मचारी में मध्यांचल कमेटी का दसवां, जोन कमेटी गोंडा का सातवां, मंडल कमेटी का आठवां और जिला कमेटी का 39वां वार्षिक अधिवेशन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन लखनऊ से आए संगठन के मुख्य महामंत्री कामरेड अजय राय ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि व निदेशक मध्यांचल लखनऊ के इंजीनियर विकास चंद्र अग्रवाल, मुख्य अभियंता देवीपाटन मंडल गोंडा के महेंद्रपाल सिंह, एक्सईएन बहराइच शैलेंद्र कुमार, इंजीनियर रंजीत कुमार, इंजीनियर सत्यनारायण रहे।
कार्यक्रम के दौरान मध्यांचल कमेटी में अध्यक्ष के पद पर सीपी सिंह, जोन कमेटी में अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव, देवीपाटन मंडल में अध्यक्ष के पद पर नफीस अहमद राजू और जिला कमेटी में अध्यक्ष के पद पर सुशील कुमार गोस्वामी को सर्वसम्मति से चुना गया। कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में ऊर्जा क्षेत्र का निजीकरण करने के विरोध में सभी एक स्वर आवाज उठाते हुए निजीकरण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त न करने की बात कही। इस मौके पर मंडल मंत्री राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, जिला मंत्री जयनंदन मिश्रा, शेषराम चौहान, संग्राम सिंह, विजयकांत पाठक, बाबादीन, रविंद्र तिवारी समेत काफी संख्या में बिजली कर्मचारी मौजूद रहे।