मोतीपुर रेंज के खड़िया गांव में हाथियों ने रौंदी गन्ने की फसल।
- फोटो : BAHRAICH
उर्रा (बहराइच)। मोतीपुर रेंज के खड़िया गांव में हाथियों का झुंड पहुंच गया। हाथियों ने किसानों की गन्ने की फसल को रौंद दिया। किसानों के ढोल व पीपा बजाने पर हाथी जंगल की ओर गए। सुबह किसानों ने सूचना रेंज कार्यालय पर दी। लेकिन सूचना के बाद भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे हैं। रिहायशी क्षेत्र में हाथियों की आमद को लेकर लोगों में दहशत है।
कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र के मोतीपुर रेंज अंतर्गत खड़िया गांव जंगल से सटा हुआ है। नानपारा-लखीमपुर मार्ग से गांव की ओर लोग आवागमन करते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार देर रात को हाथियों का झुंड गांव में पहुंच गया। इसके बाद हाथियों के झुंड ने गांव निवासी किसान सतनाम सिंह, दर्शन प्रजापति, सुनील मौर्य, अक्षय कुमार, बलदेव सिंह की 10 बीघा गन्ने की फसल को रौंद दिया। ग्रामीणों ने ढोल व पीपा बजाया। सभी ने गोला दगाते हुए हाथियों को खदेड़ा। काफी देर बाद हाथियों का झुंड जंगल की ओर चला गया।
ग्रामीणों ने बताया कि 16 से 17 हाथियों का झुंड ककरहा रेंज के भिउरा जंगल से चोरघटिया होते हुए खड़िया गांव पहुंचे। हाथियों के हमले की सूचना पूर्व प्रधान कुलवंत सिंह ने मोतीपुर रेंज कार्यालय पर दी। लेकिन सूचना के बाद भी कोई वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है। वहीं रिहायशी क्षेत्र में हाथियों की आमद को लेकर ग्रामीणों में दहशत है।