नवाबगंज में आरओ का पानी लेने के लिए लगी भीड़।
नवाबगंज (बहराइच)। जलस्तर घटने के कारण हैंडपंप बेकार हो चुके हैं। वहीं जलापूर्ति के लिए बनाई गई पानी की टंकी भी खराब पड़ी है। गर्मी में गहराई पानी की किल्लत से लोग 25 रुपये प्रति केन पानी खरीदने को मजबूर हैं।
आम लोगों को मुफ्त में मिलने वाला पानी अब खरीदना पड़ रहा है। ऐसा नजारा नवाबगंज में देखने को मिल रहा है। इसका कारण यहां लगी पानी की टंंकी का काफी दिनों से खराब होना बताया जा रहा है। टंकी खराब होने के कारण नवाबगंज कस्बे में पानी की किल्लत दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। इसी के साथ तपन के कारण यहां पानी का स्तर भी नीचे चला गया है। इससे हैंडपंप भी पानी छोड़ने लगे हैं। कई स्थानों पर तो हैंडपंप पानी देना भी बंद कर चुके हैं।
ऐसे में पेयजल की समस्या लोगों को परेशान कर रहा है। इस समस्या का लाभ स्थानीय स्तर पर पानी बेचने वाले उठा रहे हैं। जहां 25 रुपये में एक केन पानी बेचा जा रहा है। पानी खरीदने के लिए लोग लाइन लगा रहे हैं।
खराब पानी के टंकी के बारे में जल निगम के जेई संदीप जायसवाल से जानकारी ली गई तो खराब पानी की टंकियों का सर्वे कराया जा रहा है। अभी चार पांच महीने सर्वे का काम चलेगा। उसके बाद पाइपलाइन के लीकेज को सही कर पानी की आपूर्ति की जाएगी।