मिहींपुरवा (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा वन रेंज के ग्राम पंचायत गौरा पिपरा में बीते एक महीने से लगातार तेंदुआ दस्तक दे रहा है। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग को पत्र लिखकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
गौरा पिपरा निवासी हंसराम, ओमप्रकाश, राधेलाल, सुंदरलाल, नरेश आदि ने बताया कि बीते एक महीने में तेंंदुए ने कई बकरियों व कुत्तों को अपना निवाला बनाया है। आए दिन तेंदुआ गांव के आसपास देखा जा रहा है। दो दिन पूर्व तेंदुआ एक ग्रामीण के घर की छत पर चढ़ गया था। परिजनों के जागने के कारण कोई अनहोनी नहीं हुई। ग्रामीणों ने हांका लगाकर उसे भगा दिया था। ग्रामीणों ने बताया कि मौखिक शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। वन रेंज कार्यालय पर शिकायती पत्र देकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की गई है।