नवरात्र के लिए सजाया गया मंदिर
- फोटो : अमर उजाला
नवरात्र का पर्व शुरू हो रहा है। इसे लेकर तैयारियां पूरी हो गईं हैं। देवी मंदिर सज गए हैं। माता की पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ेगा। बासंतिक नवरात्र के लिए देवी मंदिरों में साफ-सफाई व रंग रोगन का कार्य लगभग पूरा हो गया। कहीं तोरणद्वारों तो कहीं विद्युत झालरों से मंदिरों को सजाया गया है।
शहर के मध्य स्थित सिद्धनाथ मंदिर, संहारिणी माता मंदिर, काली माता मंदिर, रामजानकी मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया है। सरयू तट पर स्थित मरी माता मंदिर में भी नवरात्र महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सिद्धनाथ मंदिर के महंत रवि गिरि ने बताया कि पूजा-अर्चना का सिलसिला नौ दिनों तक चलेगा। संहारिणी माता मंदिर व मरी माता मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरीकेटिंग लगाई गई है।
पूजन सामग्रियों की दुकानें सजी हुई हैं। रिसियामोड़ के नगर व ग्रामीण अंचलों में देवी भक्तों में उल्लास है। इंदिरानगर में स्थित दुर्गा मंदिर, गांवठ माता मंदिर, संतोषी माता मंदिर, हनुमान दुर्गा मंदिर तथा चकिया समय व मोहम्मदा मंदिर पर नवरात्र पर्व के मद्देनजर पूजन-अर्चन की विशेष व्यवस्थाएं की गईं हैं। मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों के उपासना के लिए मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ेगा।
उधर, अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि नवरात्र के मद्देनजर मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। एक उपनिरीक्षक और चार सिपाहियों की ड्यूटी प्रत्येक मंदिर पर लगाई गई है। इसके अलावा शहर में मुख्य मार्गों पर स्थित मंदिरों पर यातायात पुलिस के सिपाहियों को भी तैनात किया गया है।