नाराज उपभोक्ताओं रविवार आधी रात भिनगा ईदगाह पर एकत्र हो किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
जनपद के लोगों को तीसरे दिन भी बिजली संकट से मुक्ति नहीं मिल पाई। करीब 12 लाख आबादी सोमवार को भी अंधेरे में रही। दो दिन बाद सोमवार तड़के आई बिजली दो घंटे बाद ही चली गई। ध्वस्त बिजली व्यवस्था को लेकर भिनगा के उपभोक्ताओं ने रविवार आधी रात को ईदगाह पर एकत्र होकर हंगामा किया। उत्तेजित भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस को लाठी पटकनी पड़ी।
श्रावस्ती जिले में गत शुक्रवार देर रात से बिजली व्यवस्था ध्वस्त है। दो दिन बाद भी बिजली आपूर्ति शुरू नहीं होने पर रविवार को दिन में भिनगा के उपभोक्ताओं ने ईदगाह तिराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे डीएम का घेराव कर बिजली व्यवस्था बहाल कराने की मांग की।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद सड़क जाम तो हटा लेकिन रात बारह बजे तक बिजली नहीं आई। इसके बाद उपभोक्ताओं ने फिर ईदगाह तिराहे पर एकत्र होकर जाम-प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक विजय पाल सिंह व सीओ वीर सिंह ने हलका बल प्रयोग करवाकर भीड़ को तितर बितर किया।
कुछ देर बाद भारी संख्या में भिनगा के उपभोक्ता ईदगाह पहुंच कर बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग करने लगे। काफी देर तक ईदगाह तिराहे पर बिजली को लेकर हंगामा चला। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक के समझाने के बाद जाम हटा।
वहीं सोमवार तड़के भिनगा नगर में विद्युत व्यवस्था बहाल हुई लेकिन दो घंटे बाद ही फिर से आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीण क्षेत्र में शुक्रवार देर रात से लगातार बिजली व्यवस्था ध्वस्त चल रही है। जिले में तीसरे दिन ध्वस्त बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों के उपभोक्ताओं में रोष है।
भिनगा को परसौरा लाइन से जोड़ कर विद्युत व्यवस्था बहाल की थी। दो घंटे लाइन चलने के बाद ब्रेक डाउन हो गया। लाइन फिर से चेक कराई जा रही है। वहीं बलरामपुर भिनगा 132 केवीए पर भी काम चल रहा है। शाम तक वह लाइन ठीक होने की संभावना है। -नंद लाल, अधिशासी अभियंता विद्युत