बहराइच। महसी एडीओ पंचायत समेत चार लोगों पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कर संपत्ति हड़पने का आरोप लगाते हुए ग्रामीण ने कोर्ट में वाद दायर किया। कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को हरदी पुलिस ने सभी आरोपियों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
हरदी अंगरौरा दुबहा निवासी मझॉव कॉलोनी मोतीपुर में रहने वाले राम प्रभाव ने कोर्ट में वाद दायर किया। आरोप है उनके पट्टीदारों पुष्पा देवी, भुल्लन, मन्नू ने पूर्व ग्राम पंचायत अधिकारी अंगरौरा दुबहा प्रवीण श्रीवास्तव के सहयोग से उनकी संपत्ति हड़पने की नीयत से फर्जी दस्तावेज तैयार कर परिवार रजिस्टर में उन्हें मृतक दर्ज कर मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करवा लिया।
जब उन्हें मामले की जानकारी हुई तो वे ग्राम पंचायत अधिकारी और आरोपियों से शिकायत करने गए, जिस पर सभी आरोपियों ने उनसे अभद्रता की। दो अगस्त 2024 को उच्चाधिकारियों से शिकायत करने पर 16 अगस्त 2024 को पुष्पा, भुल्लन और मन्नू ने शिकायत वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी।
उन्होंने पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित ने बताया वर्तमान में प्रवीण श्रीवास्तव एडीओ पंचायत महसी के पद पर तैनात है। हरदी थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना अशोक सिंह को सौंपी गई है।