विधानसभा चुनाव के तहत शनिवार को भी जिले में नामांकन कराए गए। बहराइच सदर व मटेरा विधानसभा क्षेत्र से मां-बेटे ने नामांकन पत्र भरा। इनमें प्रदेश सरकार के मंत्री यासर शाह भी शामिल रहे। वहीं, पयागपुर व मटेरा सीट पर बसपा प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शाम तीन बजे तक नामांकन का दौर चला।
प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री यासर शाह और उनकी मां रुआब सईदा विधानसभा चुनाव में ताल ठोंक रहे हैं। यासर शाह मटेरा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार हैं, जबकि उनकी मां रुआब सईदा बहराइच सदर सीट पर प्रत्याशी हैं।
मां-बेटे ने शनिवार को सुबह 11 बजे सैयद सालार मसऊद गाजी की दरगाह पर चादर चढ़ाई और अमन-चैन व जीत की दुआ की। इसके बाद यहां से कार्यकर्ताओं के हुजूम के बीच मां-बेटे ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रस्तावक और समर्थकों के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं, पयागपुर से बसपा प्रत्याशी शेख मुशर्रफ व मटेरा के बसपा प्रत्याशी सुल्तान खां ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
उधर, शनिवार को भी परचा पर्चा बिक्री का सिलसिला जारी रहा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विद्याशंकर सिंह ने बताया कि बलहा, महसी और पयागपुर विधानसभा सीट के लिए तीन-तीन परचे की बिक्री हुई। जबकि बहराइच सीट से दो परचे बिके। इस तरह कुल 11 परचे बिके।
चार प्रत्याशियों के परचा दाखिले के चलते कलेक्ट्रेट गेट पर गहमागहमी की स्थिति रही। सभी प्रत्याशी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के हुजूम के साथ पहुंचे। इससे जाम की स्थिति बनी रही। ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे कार्यकर्ताओं को समझा कर जाम खुलवाया।