बहराइच। जिले में सरयू नदी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पानी का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है और हालात ऐसे हो गए हैं कि ग्रामीणों को जेसीबी से अपना घर तोड़ना पड़ रहा है। एल्गिन ब्रिज पर सरयू नदी 53 सेंटीमीटर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और इसके चलते 40 से अधिक गांवों में बाढ़ का पानी घुस चुका है। हालात हर पल बद से बदतर होते जा रहे हैं।
शिवपुर क्षेत्र के चौकसाहार ग्राम पंचायत के झुंडी मजरा में बीते 24 घंटे में 18 से ज्यादा मकान सरयू नदी की धारा में समा चुके हैं। इन घरों में रहने वाले नंदलाल, सहजराम, दिनेश, कैलाश, चंद्र प्रताप, प्रमोद, राधिका देवी, राम नारायण, सीमा यादव जैसे कई परिवार अब खुले आसमान तले जिंदगी जीने को मजबूर हैं। कई ग्रामीण जेसीबी मशीन से खुद अपने पक्के मकान गिरा रहे हैं, ताकि ईंट और लकड़ी बचाकर किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा सके।
महसी और शिवपुर ब्लॉक के कई गांवों में कटान इतनी तेज हो गई है कि अब लोग नदी के किनारे बने अपने घरों को छोड़ने लगे हैं। पसियन पुरवा और झुंडी जैसे इलाके कटान से बुरी तरह प्रभावित हैं। राम समुझ का मकान कटान की जद में है और किसी भी वक्त ध्वस्त हो सकता है। क्षेत्रीय लेखपाल पंकज यादव और प्रदीप कुमार ने बताया कि अब तक 22 से अधिक परिवार बेघर हो चुके हैं। राहत सामग्री के रूप में तिरपाल, राशन और भोजन का वितरण किया गया है।
वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की तैयारियां कागजों में सिमट गई हैं। ग्रामीण रामप्रीत, प्रेम कुमारी, सत्य प्रकाश और विनीता देवी जैसे सैकड़ों लोग अब तिरपाल के सहारे जीवन बसर कर रहे हैं। बारिश के बीच बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए हालात बद से बदतर हैं। मच्छरों का प्रकोप, पीने के पानी की कमी और बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। लेखपालों ने शासन को नुकसान की रिपोर्ट भेज दी है, लेकिन वास्तविक राहत अभी भी निचले इलाकों तक नहीं पहुंची है। लोगों का आरोप है कि सिर्फ फोटो खिंचवाकर अधिकारी चले जाते हैं।
नेपाल से आ रहा पानी मचा रहा तबाही
नेपाल में वर्षा लगातार जारी है। इसके चलते नेपाल के गेरुआ और कौड़ियाला नदियों का पानी चौधरी चरण सिंह गिरिजा बैराज से सरयू में पहुंच रहा है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष से मिली रिपोर्ट के अनुसार, एल्गिन ब्रिज पर पानी का स्तर 106.60 मीटर पहुंच गया है, जो खतरे के निशान 106.07 मीटर से 53 सेंटीमीटर ऊपर है। वहीं गिरजा बैराज से 314144 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यह जलप्रवाह बहराइच की ओर खतरा बनकर बढ़ रहा है।
बैराज वर्तमान जलस्तर खतरे का निशान डिस्चार्ज
एल्गिन ब्रिज 106.60 मी. 106.07 मी. 314144 क्यूसेक
गिरजा बैराज 135.35 मी. 136.78 मी. 134435 क्यूसेक
सरयू बैराज 132.00 मी. 133.50 मी. 15007 क्यूसेक
शिवपुर क्षेत्र में बाढ़ व कटान के कारण जेसीबी से अपने घरों को तोड़ते ग्रामीण।