चित्तौरा (बहराइच)। बीती 20 नवंबर को नवोदय विद्यालय के आठवीं के छात्र ने सीनियर छात्रों पर दरवाजा तोड़कर जमकर मारपीट करने का आरोप लगाया था। पीड़ित छात्र के पिता की तहरीर पर देहात कोतवाली पुलिस ने आरोपियों पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
हरदी थाना के एक गांव निवासी युवक की देहात कोतवाली में दर्ज एफआईआर के अनुसार उनका बेटा जवाहर नवोदय विद्यालय कीर्तनपुर में आठवीं कक्षा में पढ़ता है। आरोप है बीती 20 नवंबर की रात 12 बजे नौंवी कक्षा के 24 छात्रों ने सदन उदयगिरी में आकर लोहे की रॉड से जबरन दरवाजे को तोड़ दिया। इसके बाद बेटे को लात-घूंसों और लोहे की रॉड से जमकर पीटा, जिससे बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। धमकी दी अगर फिर कुछ करोगे तो अगली बार जान से मार देगे। देहात इंस्पेक्टर परमानंद तिवारी ने बताया मामले में केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।