बहराइच। स्वायत्तशासी किसान पीजी कॉलेज (केडीसी) में मूल्यांकन की प्रक्रिया युद्ध स्तर पर जारी है। सोमवार को बीकाॅम की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा हो गया। मंगलवार से स्नातक के आठ विषयों के लिए कुल 18 शिक्षकों को परीक्षक के रूप में लगाया गया है। इनमें किसान पीजी कॉलेज के 14 और चार बाह्य शिक्षक शामिल हैं।
कॉलेज में मूल्यांकन कार्य समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर राजवीर सिंह ने बताया कि ऑटोनॉमस परीक्षा समाप्त होने के बाद से ही मूल्यांकन की तैयारी शुरू कर दी गई थी। कोडिंग का प्रथम चरण पूरा होने के बाद बीकाॅम की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू कराया गया। यह कार्य अब पूरा हो गया है। इसके बाद बीए और बीएससी के अंग्रेजी, प्राणि विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, शिक्षाशास्त्र, भूगोल, समाजशास्त्र और हिंदी विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुधवार से परीक्षकों की संख्या में और भी वृद्धि की जाएगी जिससे जून माह तक स्नातक वर्ग की सभी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया जा सके। इसके बाद परास्नातक के विषयों का मूल्यांकन कार्य होगा।