मैलानी से गोंडा जाने वाली पैसेंजर ट्रेन का इंजन सोमवार दोपहर मुर्तिहा रेलवे स्टेशन पर फेल हो गया। इसके चलते यात्री करीब साढ़े तीन घंटे परेशान रहे। वह दूसरी ट्रेन से आने गंतव्य को रवाना हो सके। मैलानी से इंजन आने के बाद देर शाम पैसेंजर ट्रेन गोंडा को रवाना किया गया।
मैलानी से गोंडा जाने वाली पैसेंजर ट्रेन सोमवार दोपहर 12 बजे के करीब मुर्तिहा स्टेशन पहुंची। यहां ट्रेन का दो मिनट का ठहराव था लेकिन टोकन मिलने पर चालक ने ट्रेन को आगे बढ़ाने की कोशिश की तो इंजन फेल हो गया।
चालक और गार्ड ने एक घंटे तक इंजन को दुरुस्त करने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। इस पर चालक ने सहायक स्टेशन मास्टर सीआर तिवारी को अवगत कराया। उन्होंने कंट्रोलर को सूचना दी। दोपहर बाद मैलानी जंक्शन से दूसरा इंजन रवाना किया गया।
यह इंजन शाम साढ़े छह बजे मुर्तिहा पहुंच सका। इस ट्रेन में सवार यात्री दोपहर बाद मैलानी से गोंडा जाने वाली दूसरी पैसेंजर ट्रेन से गंतव्य को रवाना हुए। साढ़े तीन घंटे तक यात्री बेहाल रहे।