जरवल कस्बा में सड़क किनारे किया गया अतिक्रमण व खड़े वाहन।
जरवलरोड(बहराइच)। जरवलरोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ- बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित जरवल कस्बा में मार्ग पर अतिक्रमण राहगीरों के लिए समस्या बना हुआ है। इससे जाम भी लगता है। मुख्य मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण लगा हुआ है। प्रतिदिन इसी रोड से प्रशासन व संबंधित विभाग के अधिकारी निकलते हैं लेकिन इस ओर किसी का ध्यान नहीं जाता है।
बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती आदि जिलों के साथ ही दूसरे राष्ट्र नेपाल को जोड़ने वाला लखनऊ हाईवे मुख्य मार्ग है। इस पर प्रतिदिन हजारों वाहनों का आना जाना लगा रहता है। अतिक्रमण के चलते जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसमें लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ट्रैफिक अधिक होने और मार्ग पर पटरियों के किनारे ठेले और सबसे अधिक जाम की स्थिति ई रिक्शा उत्पन्न करते हैं। इसके कारण हर वक्त जाम लगा रहता है। राजमार्ग होने के बावजूद भी वाहनों को यहां रेंगते हुए चलना पड़ता है। जाम में स्कूली बच्चों से लेकर मरीज आदि सभी बेहाल रहते हैं।
जल्द हो समस्या का समाधान
स्थानीय निवासी नरेंद्र यादव का कहना है कि जिम्मेदार लोगों की उदासीनता के चलते अतिक्रमण फैला है। रहमत अली ने बताया कि रोड पर किनारे दुकानें और सबसे अधिक जाम की स्थिति ई रिक्शा वाहन उत्पन्न कर रहे हैं। इंद्रजीत मौर्या ने बताया कि हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। राजमार्ग होने के बावजूद भी वाहनाें को रेंगना पड़ता है। लोगों ने समस्या का समाधान कराने की मांग की है।