बिछिया(बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग में हाथियों की दहशत लगातार जारी है। रविवार दोपहर को कतर्नियाघाट वन रेंज में हाथी ने शादी में जा रहे महिलाओं व पुरुषों को दौड़ा लिया। सभी ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
कौड़ियाला नदी के किनारे बसे भरथापुर गांव निवासी अन्ना देवी, राजकुमार, प्रेमा देवी, मदन लाल, रामकिशोर, चंद्रिका प्रसाद सहित अन्य रविवार को शादी में शामिल होने कारीकोट जा रहे थे। इस दौरान जंगल से निकले हाथी ने उनपर हमले का प्रयास किया। हाथी ने चिंघाड़ते हुए सभी को दौड़ा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि हाथी लगातार रिहायशी क्षेत्रों में दस्तक दे रहे है। उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए घने जंगलों को पारकर कतर्नियाघाट होते हुए बिछिया पहुंचना पड़ता है। ऐसे में लगातार हाथियों की दस्तक से सभी आशंकित हैं।