महसी (बहराइच)। तहसील क्षेत्र में बिजली आपूर्ति मैगला फीडर से की जा रही है लेकिन इधर हालात बेकाबू हो गए हैं। कई दिनों से सुबह नौ से शाम छह बजे तक बिना रोस्टर जारी किए ही आपूर्ति ठप कर दी जाती है। आपूर्ति ठप होने के बाद अधिकारियों का नंबर भी मिलना बंद हो जाता है।
तहसील क्षेत्र की करीब एक लाख से अधिक की आबादी बिजली-पानी को लेकर परेशान है। विभाग व्यवस्था को दुरुस्त कराने में गंभीर नहीं दिखाई दे रहा है। कस्बे की बदहाल विद्युत व्यवस्था से अब लोगों का गुस्सा बढ़ने लगा है। अगर हालात शीघ्र पटरी पर नहीं लौटा तो कभी भी गुस्साए लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर देंगे।
कस्बे में इधर कई दिनों से हो रही बेतहाशा कटौती से आम जनजीवन अस्त व्यस्त है। इस भीषण गर्मी में सबसे ज्यादा बच्चों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली महकमा व्यवस्था को सुधारने में गंभीर नही दिखाई दे रहा है।