बहराइच के कुड़वा में हेेल्थ एवं वेलनेस सेंटर का शुभारंभ करते सीएमओ।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.एसके सिंह ने शनिवार को कुड़वा नवीन तहसील में स्थापित हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर व प्रसव केंद्र का शुभारंभ किया। सेंटर के शुरू हो जाने से क्षेत्र की सोलह हजार से अधिक की आबादी को घर के पास स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया हो जाएंगी। वहीं प्रसव सेवा के लिए लोगों को ब्लॉक मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत लोगों को गैर संचारी रोगों के उपचार व जांच की सुविधा घर के नजदीक दी जा रही हैं। इसी कड़ी में जनपद के दूरस्थ क्षेत्र मिहींपुरवा के नवीन तहसील कुड़वा में भी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की स्थापना की गई है। साथ ही इस केंद्र पर प्रसव की सुविधा भी मुहैया कराई गई है।
उन्होंने बताया कि केंद्र पर सीएचओ व एएनएम की तैनाती के साथ ही सभी आवश्यक उपकरण व जांच की सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। सेंटर पर गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की सुविधा, सामान्य प्रसव व जांच की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर डिवीजनल प्रोग्राम मैनेजर राहुल पटेल, डीसीपीएम मो.राशिद, एचईओ जेके चौबे, बीसीपीएम अजय यादव, सीएचओ कंचन सिंह, एएनएम विजय लक्ष्मी व आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।