खैरीघाट (बहराइच)। बौंडी थाना क्षेत्र के बौंडी गांव निवासी मनोज कुमार आर्य उर्फ गिरधारी आर्य का छह वर्षीय बालक शुक्रवार देर शाम से लापता था। पीड़ित ने बौंडी थाने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद परिवारीजन व बौंडी के ग्रामीण बालक की तलाश कर रहे थे परंतु बालक का कोई पता नहीं चला।
शनिवार की शाम 4.00 बजे पीड़ित परिवार के घर के पास बरगद चौराहे पर स्थित कुएं मे बालक की लाश दिखी। सूचना पाते ही बौंडी थानाध्यक्ष गणनाथ प्रसाद पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। ग्रामीणों की मदद से बालक के शव को कुएं से बाहर निकाला। थानाध्यक्ष ने बताया कि बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)