कैसरगंज (बहराइच)। ग्राम पंचायत जलालपुर बसहिया निवासी प्रधान पद के दो प्रत्याशी समर्थक बुधवार सुबह गंज गांव में हार-जीत और फर्जी वोटिंग को लेकर भिड़ गए।
मारपीट के दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने तमंचे से आठ चक्र फायरिंग की। खूब लाठियां चलीं और धारदार असलहों का खुला प्रदर्शन हुआ। संघर्ष में तीन महिलाओं समेत 13 लोग घायल हुए हैं।
इन सभी को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से पांच लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है।
कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर बसहिया ग्राम पंचायत से प्रधान पद के प्रत्याशी के रूप में अली अहमद और मोहम्मद अख्तर आमने-सामने हैं। मंगलवार को वोटिंग हुई है।
इस मामले में बुधवार सुबह गंज गांव में चाय की दुकान पर दोनों प्रत्याशियों के समर्थक हार-जीत के मामले में चर्चा कर रहे थे तभी दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर फर्जी वोटिंग कराने का आरोप मढ़ा।
बात इतनी बढ़ी कि मारपीट शुरू हो गई। इसकी खबर फैलते ही दोनों पक्ष के लोग काफी संख्या में इकट्ठा हो गए। इसी बीच भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने तमंचे से आठ चक्र फायरिंग की।
मारपीट में सयूब, मकसूद, इम्तियाज, अख्तरी बेगम, सकूरा, मुखतार, हसीबुलनिशा, जाहिदा, जीनत व दूसरे पक्ष से तसलीम अहमद, शरीफ अहमद, अली अहमद, हसीब घायल हुए हैं।
सूचना पाकर एएसपी दिनेश त्रिपाठी व एडीएम विद्याशंकर सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
यहां प्राथमिक उपचार के दौरान सयूब, तस्लीम, अली अहमद और हसीब की हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक विनोद अग्निहोत्री की कहना है कि घायलों ने अभी तहरीर नहीं दी है।
बनपुरवा व हमीरपुर खैरिटिया में भी संघर्ष, 15 घायल
बहराइच। रामगांव थाना क्षेत्र के हमीरपुर खैरिटिया व हुजूरपुर के बनपुरवा में प्रधान उम्मीदवारों के समर्थक आमने-सामने आ गए। लाठी-डंडे, हाथगोले व ईंट-पत्थर भी बरसाए गए। इसमें किशोर समेत 15 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। हुजूरपुर के बनपुरवा गांव बरुही ग्राम पंचायत में आता हैै। यहां दूसरे चरण का मतदान मंगलवार को संपन्न हुआ है।
आरोप है कि प्रधान पद की प्रत्याशी शशिबाला सिंह के समर्थक मनीष सिंह, ढोढ़े, अंचित, लाल बच्चा, दद्दू, जितेंद्र, नादान सिंह, झब्बर, बबलू व पप्पू आदि ने विपक्षी प्रत्याशी सुधीर कुमार के समर्थकों के घर बुधवार सुबह धावा बोल दिया।
लाठी-डंडों से पिटाई की है। इससे बनपुरवा गांव निवासी शिवराज (26), गोविंद (32), गुरुचरन (50), गिरीश (52), रामसमुझ (50), जुग्गे (35), शिवराज (55) व जितेंद्र (25) घायल हुए हैं।
उधर, रामगांव के हमीरपुर खैरिटिया गांव के चौराहे पर बुधवार सुबह प्रधान पद के उम्मीदवार रहे जवाहिर खां व विपक्षी उम्मीदवार तालिब के समर्थक एकत्रित थे।
यहां हार-जीत को लेकर दोनों पक्षों में हथगोले, ईंट-पत्थर व लाठी डंडे चलने लगे। मारपीट में सगीर खान (40), अनस (24), रहीश खान (42), मो.जुनेद (15), अलमुद्दीन (24), दीन मोहम्मद (60) व समी अहमद (32) घायल हुए हैं।