खानाबदोश जीवन जीने वाली दो महिलाएं एक मासूम के साथ शनिवार को दो जून की रोटी की तलाश में निकली थीं। हरिहरपुर रैकवारी की साप्ताहिक बाजार में महिलाएं जब दुकान पर पैसे मांग रही थीं, तभी चार युवकों ने पैसा चुराने का आरोप लगाकर उन्हें पकड़ लिया। मासूम समेत दोनों महिलाओं को रात भर बंधक बनाकर मारापीटा। महिलाओं ने युवकों पर रेप का आरोप लगाकर अपने को मुक्त कराया। लेकिन पुलिस के सामने बयान से पलट गईं। महिलाओं ने छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाकर तहरीर दी है। पुलिस ने अज्ञात चार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गोंडा जिले के एक गांव निवासी एक परिवार नट बिरादरी से ताल्लुक रखता है। परिवार के लोग अलग-अलग इलाकों में घूम-घूम कर मांगते खाते हैं। इसी परिवार की पांच महिलाएं चार दिन पूर्व अपने मामा के साथ चिलवरिया आई थीं। इन सभी ने चिलवरिया रेलवे स्टेशन के निकट डेरा बनाया है। परिवार के सदस्य टेंट में रहकर गुजर बसर कर रहे हैं। डेरे की दो महिलाएं शनिवार को डेढ़ वर्षीय बच्चे के साथ रोटी की तलाश में मांगने के लिए कोतवाली देहात अंतर्गत हरिहरपुर गांव में साप्ताहिक बाजार में पहुंच गईं। यहां जब ये महिलाएं दुकानों पर पैसे और खाने का सामान मांग रही थीं। तभी चार युवकों ने महिलाओं पर पैसा चुराने का आरोप लगाते हुए पकड़ लिया और मारापीटा।
इसके बाद चारों युवक महिलाओं को गांव के किनारे स्थित एक मकान पर ले गए और एक कमरे में बंधक बना लिया। भोर में महिलाओं ने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्र हो गए। इस पर आरोपी भाग निकले। ग्रामीणों के हस्तक्षेप पर महिलाएं मुक्त हो सकीं। दोनों महिलाओं ने बंधक बनाने वाले युवकों पर मारपीट और रेप करने का आरोप लगाया। इस पर गांव के लोग भी भड़क उठे। आरोपी युवकों के समुदाय विशेष का होने के चलते तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश त्रिपाठी, पुलिस क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार और महिला थानाध्यक्ष सरोज शर्मा भी गांव पहुंच गईं। लेकिन पुलिस के सामने महिलाएं रेप के बयान से पलट गईं।
महिलाओं ने कहा कि उन्हें रात भर कमरे में बंद रख कर मारापीटा गया। युवकों ने तलाशी के बहाने सिर्फ छेड़छाड़ की है। एएसपी ने बताया कि दोनों महिलाओं की तहरीर पर उन्हें बच्चे समेत बंधक रखकर मारपीट और छेड़छाड़ करने का केस चारों अज्ञात युवकों पर दर्ज कर लिया गया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है। दोनों पीड़ित महिलाओं को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित
महिलाओं ने रेप की घटना से इंकार किया है। फिर भी महिलाओं को बाजार से पकड़कर बंधक बनाने और मारने पीटने का मामला गंभीर है। सीओ सिटी की अगुवाई में टीम गठित की गई है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नेहा पांडेय, पुलिस अधीक्षक