मायके जाने के दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय एक महिला व उसके दो बच्चे ट्रेन की चपेट में आ गए। मासूम बेटे और बेटी की कटकर मौत हो गई। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मासूमों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। घायल महिला की हालत भी नाजुक बताई गई है।
रिसिया क्षेत्र में ग्राम गंगापुर निवासी सरस्वती (30) पत्नी मुनीजर का मायका पयागपुर में है। भाईदूज के मौके पर वह मायके नहीं जा सकी थी। शनिवार दोपहर सरस्वती एक वर्षीय पुत्री अंजली व तीन वर्षीय पुत्र विवेक उर्फ बाबू के साथ रिसिया रेलवे स्टेशन के लिए निकली।
रिसिया से पयागपुर जाने के लिए ट्रेन पकड़नी थी लेकिन बड़गांवा रेलवे क्रासिंग के पास ट्रैक पार करने के दौरान पुत्र बाबू कोई सामान उठाने के लिए मां का हाथ छोड़ आगे बढ़ गया। उसी दौरान नानपारा की ओर से ट्रेन आती दिखी। सरस्वती झोला रेलवे ट्रैक पर रखकर बेटे बाबू को पकड़ने दौड़ी तभी ट्रेन आ गई।
ट्रेन की ठोकर से सरस्वती दूर जा गिरी। अंजली व बाबू की ट्रैक पर ट्रेन से कटकर मौत हो गई। महिला की चीख सुनकर गांव के लोग दौड़े। सूचना पर थानाध्यक्ष अशरफ परवेज मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में सरस्वती को जिला अस्पताल पहुंचाया।
दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। हादसे की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। सास कृष्णावती परिवारीजनों के साथ दोपहर को बहराइच पहुंची। सास का कहना है कि उन्होंने बहू को जाने से रोका था लेकिन नहीं मानी।