गोंडा-मैलानी प्रखंड की ट्रेनों में यात्रियों से टिकट चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत पर आरपीएफ की टीम ने मंगलवार को छापामारी करते हुए एक फर्जी टीटीई को गिरफ्तार किया। उसके पास से फर्जी आईडी बरामद हुई है। यात्रियों से वसूल किए कुछ पैसे भी मिले हैं। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
गोंडा-मैलानी प्रखंड की ट्रेनों पर यात्रियों से फर्जी टीटीई द्वारा टिकट चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही थी। लंबे अरसे से अवैध वसूली का सिलसिला जारी था। शिकायतें मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल गोंडा की सीआईबी टीम के निरीक्षक भीम सिंह की अगुवाई में मंगलवार को गोंडा से बहराइच आ रही डेमू ट्रेन में चेकिंग की गई।
इस दौरान ट्रेन के एक कोच में टीटीई द्वारा यात्रियों के टिकट चेक किए जा रहे थे। टीम को शक होने पर उसे रोका गया। फर्जी टीटीई ने टीम को धौंस में लेते हुए आईडी भी दिखाई। इस पर टीम ने कड़ाई से पूछताछ की।
फर्जी टीटीई की पहचान जनपद बलिया के उभांव गांव निवासी मोहम्मद इसरार के रूप में हुई। उसने बताया कि वह करीब दो माह से गोंडा-बहराइच के बीच अवैध तरीके से टिकट की चेकिंग कर वसूली कर रहा था।
उसके पास से फर्जी नेमप्लेट और यूनीफॉर्म के साथ ही एक आईडी भी बरामद हुई है। यात्रियों से वसूले गए 213 रुपये भी मिले हैं। जीआरपी थानाध्यक्ष श्यामदेव ने बताया कि सीआईबी के निरीक्षक की तहरीर पर फर्जी टीटीई के खिलाफ धोखाधड़ी, सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।