दिकौली में बड़े पुरुष की दरगाह में जियारत करने आई एक किशोरी की शुक्रवार को पंपिंग सेट की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर उसे परिवारीजनों को सौंप दिया।
संतकबीर नगर जिले के थाना दुधारा के ग्राम कैथौली निवासी चंद्रशेखर अपने परिवारीजनों व गांव के अन्य लोगों के साथ शुक्रवार को दिकौली स्थित बड़े पुरुष की मजार पर माथा टेकने पहुंचा। इससे पहले सभी पास के ही एक खेत में चल रहे पंपिंग सेट पर नहाने पहुंचे।
यहां नहाने के बाद कपड़े धुलने गई चंद्रशेखर की पुत्री वंदना का दुपट्टा पंपिंग सेट के चक्के में फंस गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते वंदना की पंपिंग सेट में फंसने से मौत हो गई। सूचना पर उप जिलाधिकारी जमुनहा श्रीराम सचान के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष सोनवा ने परिवारीजनों व ग्रामीणों की मौजूदगी में शव का पंचनामा करा उसे परिवारीजनों को सौंप दिया।
थानाध्यक्ष सोनवा अखिलेश कुमार ने बताया कि परिवारीजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार किया था। घटना के समय काफी संख्या में लोग मौजूद थे। ऐसे में पंचनामा के बाद शव परिवारीजनों को सौंप दिया गया।