क्षेत्र की एक किशोरी को कुछ लोगों ने अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद घर में बंधक बना लिया। तलाश में भटक रहे पिता को दूसरे दिन बेटी की चीख सुनाई पड़ी तो ग्रामीणों की मदद से उसे मुक्त कराया। तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीया किशोरी रविवार शाम खेत गई थी। आरोप है कि उस दौरान पड़ोसी अवधराम और मायाराम ने उसके खेत में पकड़ लिया। डरा-धमकाकर कुछ दूर स्थित ग्राम नत्थनपुर भंबिया ले गए और रिश्तेदार ओमप्रकाश के सुपुर्द कर दिया।
किशोरी का कहना है कि गांव से बाहर स्थित ओमप्रकाश के छप्परनुमा मकान में तीनों रेप किया। उसके बाद अवधराम और मायाराम चले गए। ओमप्रकाश ने शादी कर दुल्हन की तरह रखने की बात कही। किशोरी का कहना है कि आधे घंटे बाद दो महिलाएं भी मकान में आईं।
किशोरी के रोने-बिलखने पर गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी। उधर किशोरी की तलाश में परिवारीजनों ने दूसरे दिन पड़ोस के गांव पहुंचे तो बाहर छप्परनुमा मकान में उसकी चीख सुनी। इस पर ग्रामीणों की मदद से उसे मुक्त कराया।
उसके बाद किशोरी ने पूरी घटना बताई। पिता के साथ थाने जाकर तहरीर दी है। पुलिस ने मायाराम, अवधराम औेर ओमप्रकाश को नामजद करते हुए केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष अनिल यादव का कहना है कि आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। पीड़ित किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है।
उधर पीड़िता के पिता को फोन पर धमकी दी जा रही हैं। उसका कहना है कि मामले में सुलह न करने पर गांव से उजाड़ने की बात कही जा रही है। आरोप है कि पुलिस कार्रवाई में ढिलाई बरत रही है।