समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष को मंगलवार दोपहर में मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद धमकी भरा मैसेज भेजा गया। सत्ताधारी दल के जिलाध्यक्ष को धमकी मिलने की सूचना से पुलिस सकते में आ गई। सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की गई है। जिलाध्यक्ष ने एसपी से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराया है।
सपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनरायन यादव का कहना है कि सोमवार दोपहर उनके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर ज्यादा तेज न बनने और जान से मारने की धमकी दी। उस नंबर से कॉल दो बार आई। जिलाध्यक्ष ने पहले तो धमकी को परिचित का मजाक समझा लेकिन कुछ देर बाद ही मोबाइल पर उसी फोन नंबर से धमकी का मैसेज आ गया।
मैसेज में लक्ष्मी नरायन और उनके परिवार की हत्या करवाने की धमकी दी गई थी। मैसेज के नीचे ‘अनिल पाठक, शिवकुमार पाठक... मैैं आतंकी आइस हूं’ लिखा था। इससे परेशान जिलाध्यक्ष ने जरवलरोड थानाध्यक्ष को अवगत कराया।
एसपी सालिकराम वर्मा को घटना की जानकारी दी। एसपी का कहना है कि सपा जिलाध्यक्ष को धमकी दिए जाने का गंभीर मामला है। एसओ जरवलरोड के साथ ही एसओजी, सर्विलांस टीम को जांच के लिए लगाया गया है। मोबाइल नंबर के बारे में पता करने की कोशिश की जा रही है।