कैसरगंज (बहराइच)। बढ़ौली-कैसरगंज मार्ग पर मान्धातापुरवा के पास सोमवार सुबह स्कूल वैन और कार में भिड़ंत हो गई। वैन में सवार चार नन्हें-मुन्हें छात्रों समेत आठ लोग घायल हुए हैं।
सभी को कैसरगंज सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एक छात्र की हालत नाजुक देखकर जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है। दुर्घटना का कारण कोहरा और वैन की तेज रफ्तार बताई जा रही है।
कैसरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार के रानीबाग में सेंट जेवियर स्कूल है। इस स्कूल में ग्रामीण अंचलों से छात्र वैन द्वारा पढ़ने के लिए आते हैं। सोमवार सुबह विद्यालय की टाटा मैजिक छात्रों को लेने बढ़ौली गांव गई थी।
बढ़ौली गांव निवासी कक्षा चार के छात्र अब्दुल अल्तमश (9) पुत्र अब्दुल अजीज, फैसद (8) पुत्र पप्पू व कक्षा तीन के छात्र समीर (8) पुत्र कदीम और साहन (7) को लेकर वैन सुबह नौ बजे के आसपास विद्यालय आ रही थी।
वैन जब बढ़ौली-कैसरगंज मार्ग पर मान्धातापुरवा के पास पहुंची तभी घना कोहरा और तेज रफ्तार होने के चलते सामने से आ रही मारुति कार से भिड़ गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। वैन में सवार चालक समेत सभी बच्चे लहूलुहान हो गए। कार सवार गुरमीत कौर (36) समेत तीन महिलाएं व चालक दिनेश कुमार भी जख्मी हो गया।
आसपास के ग्रामीणों की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विनोद अग्निहोत्री ने मौके पर पहुंचकर छात्रों व घायलों को कैसरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। समीर को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेजा है।
विद्यालय प्रशासन ने नहीं पूछा हाल, अभिभावकों में रोष
जिला अस्पताल में बच्चों के साथ आए अभिभावक इस बात को लेकर नाराज रहे कि दुर्घटना की जानकारी होने के बावजूद विद्यालय प्रशासन का कोई भी प्रतिनिधि बच्चों का हाल पूछने तक नहीं पहुंचा।