बहराइच। शहर के मोहल्ला फ्रीगंज में एक व्यवसायी के घर खिड़की की ग्रिल तोड़कर घुसे चोरों ने नगदी और जेवरात समेत 25 लाख की संपत्ति पार कर दी।
सोमवार रात चोरों ने वारदात को तब अंजाम दिया जब पूरा परिवार शहर में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने गया था। व्यवसायी की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दरगाह थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर के मोहल्ला फ्रीगंज निवासी पवन कुमार अग्रवाल पुत्र राधेश्याम अग्रवाल सौंदर्य प्रसाधन का व्यवसाय करते हैं।
पवन का कहना है कि सोमवार को शहर में एक परिचित के यहां वैवाहिक समारोह था, जिसमें वह परिवार समेत शामिल होने गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था।
इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मकान में खिड़की की ग्रिल तोड़कर प्रवेश किया। इसके बाद कमरों का ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारी के लॉक तोड़ दिए।
पवन के मुताबिक लॉकर में रखे पांच लाख रुपये व हीरे जड़ित अंगूठी, हार व सोने और चांदी के सभी जेवरात चोर समेट ले गए हैं। लगभग 20 लाख के जेवरात चोरी हुए हैं।
तड़के तीन बजे के आसपास परिवार के लोग वैवाहिक समारोह से घर लौटे तो ताला कटा और सामान बिखरा देखकर सकते में आ गए। अलमारी टूटी थी और जेवरात व नकदी नदारद दी।
तत्काल थाने पर सूचना दी गई लेकिन पुलिस सुबह पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पवन की तहरीर पर चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पवन के मुताबिक चोर लॉकर में रखी हीरे जड़ित अंगूठी, हार व सोने और चांदी के सभी जेवरात समेट ले गए हैं। थानाध्यक्ष अजीत वर्मा का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। शीघ्र ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।