गिलौला (श्रावस्ती)। गिलौला के मजरा लोधनपुरवा में शुक्रवार देर रात तीन लोगों ने शराब पी थी। इसमें एक ही मौत हो गई जबकि दो अन्य की हालत गंभीर है।
इनमें से एक की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे भिनगा रेफर किया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दिए बगैर लाश का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
गिलौला थाना क्षेत्र अंतर्गत गिलौला कस्बे केे मजरा लोधनपुरवा निवासी सुग्गू (35) पुत्र दुखहरन ने शुक्रवार देर रात गांव के ही चंदर पुत्र धीरज व दयाल पुत्र कोयले के साथ बैठकर शराब पी थी।
इसके बाद अचानक सुग्गू सहित चंदर व दयाल की तबियत बिगड़ गई। इससे पहले कि सुग्गू को सीएचसी गिलौला ले जाया जाता, उसकी मौत हो गई।
जबकि चंदर व दयाल को रात में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला में भर्ती कराया गया, जहां चंदर की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे बाद में संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया गया।
गिलौला सीएचसी अधीक्षक डॉ. एसपी सिंह ने शराब के जहरीले होने से इन्कार किया। उन्होंने बताया कि दयाल और चंदर ने अधिक मात्रा में शराब पी थी। इसलिए उनकी हालत गंभीर हुई।
इसी कारण ही सुग्गू की भी जान गई। इस बारे में थानाध्यक्ष गिलौला वकील पांडे ने कहा कि हमें इसकी सूचना नहीं है।