आग की लपटों का कहर मुसीबत बनकर टूट रहा है। शुक्रवार को जरवल और महसी क्षेत्र में आग की लपटों ने कहर बरपाया। नौ आशियाने धू-धू कर जल गए। लगभग 10 लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। किसी तरह गांव के लोगों ने आग को फैलने से रोका। ग्रामीणों के घर में गृहस्थी का तिनका भी नहीं बचा।
जरवलरोड थाना अंतर्गत खासेपुर रेता गांव निवासी गरीबे के घर में शुक्रवार भोर में अचानक आग लग गई। परिवार के लोगों ने किसी तरह भागकर जान बचाई, लेकिन गृहस्थी का सामान बाहर नहीं निकाल सके। चीख पुकार सुनकर गांव के लोग दौड़े, लेकिन तब तक आग की लपटों ने गांव निवासी जोगी, द्रोपदी, चंदर, चेतराम, बहादुर के मकानों को भी आगोश में ले लिया।
सूचना थाने पर दी गई, लेकिन दमकल वाहन नहीं पहुंच सका। गांव के लोगों ने पंपिंग सेट चलाकर किसी तरह आग को फैलने से रोका। उधर हरदी थाना अंतर्गत हरदी गांव निवासी गोविंद गुप्ता, राजू और शिवनरायन के मकान भी आग की चपेट में आकर राख के ढेर में तब्दील हो गए। इन ग्रामीणों के घरों में रखे जेवरात, कपड़ा, नकदी, बर्तन सब कुछ जल गया है।
सूचना पाकर क्षेत्रीय राजस्व कर्मियों ने मुआयना किया है। लेकिन अब तक किसी को मुआवजा नहीं प्रदान किया गया। पीड़ित परिवार खुले आसमान तले गुजर बसर करने को मजबूर हैं। सभी अग्निकांडों में 10 लाख की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।