फखरपुर/बौंडी। दो दिन से लापता शिक्षिका का शव गुरुवार को बहेलिया गांव के पास नहर में मिलने से सनसनी फैल गई। वह मंगलवार को मरीमाता मंदिर जाने के लिए घर से निकली थी।
महिला का गला रेता हुआ है और शरीर पर गहरे जख्म हैं। पुलिस अधीक्षक ने शिक्षिका की हत्या की पुषि्ट करते हुए एसओ को मामले का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
बौंडी थाना क्षेत्र के फुलवरिया बभनौटी शंकरपुर निवासी संगीता उर्फ कुसुम मिश्रा (22) पुत्री रामराज का विवाह तीन साल पहले इसी थाना क्षेत्र के दहाव गांव निवासी विनीत पुत्र नरेंद्र से हुआ था।
विवाह के कुछ माह बाद ही ससुराल में अनबन के चलते कुसुम मायके में रहने लगी थी। अपना खर्चा चलाने के लिए वह हरदी के ऐरिया गांव के पास एक निजी विद्यालय में पढ़ाती थी। कुसुम, आरडी बाजपेई डिग्री कॉलेज में स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा भी थी।
गांव के लोगों के मुताबिक नवरात्र के पहले दिन मंगलवार को कुसुम शहर से सटे मरीमाता मंदिर जाने के लिए निकली थी लेकिन फिर लौटी नहीं। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं लग सका।
गुरुवार सुबह फखरपुर के बहेलिया गांव में नहर में कुसुम का क्षत-विक्षत शव मिला। कुसुम का गला रेता हुआ है और शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फखरपुर थानाध्यक्ष अनिल यादव ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा।