फखरपुर (बहराइच)। महिला दिवस की पूर्व संध्या पर बेलहरी गांव निवासी एक महिला की जान ले ली गई। उसका कुसूर सिर्फ इतना था कि उसने पति को शराब पीने से रोका था।
पति ने लाठी-डंडों से उसे पीटकर मौत के घाट उतार दिया फिर वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।
मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एसपी ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है। आरोपी पति फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।
कैसरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कैसरगंज बाजार निवासी मोहम्मद हसन ने बताया कि उसने छह साल पहले अपनी बेटी आशिया उर्फ मुन्नी (28) का विवाह फखरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलहरी निवासी मन्नी के साथ किया था।
लेकिन, कुछ दिनों बाद मन्नी शराब का आदी हो गया। हसन का कहना है कि आशिया ने कई बार इसके लिए पति को टोका लेकिन उसकी हरकत बंद नहीं हुई और इसे लेकर आए दिन विवाद होने लगा।
हसन ने कहा कि रविवार देर रात मन्नी फिर नशे में धुत होकर घर पहुंचा तो आशिया ने फोन कर सूचना दी। जब वह फोन पर पिता से बात कर रही थी तभी मन्नी ने पीटना शुरू कर दिया।
इस पर मोहम्मद हसन परिवारीजनों के साथ रात में ही बेटी के ससुराल रवाना हुए। भोर में सभी बेटी के ससुराल पहुंचे तो आशिया का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला, जबकि मन्नी फरार था।
हसन का कहना है कि दामाद ने बेटी की हत्या करने के बाद शव को फांसी के फंदे से लटका दिया है। सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक सालिकराम वर्मा ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया।
इसके बाद थानाध्यक्ष अनिल यादव ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी पति फरार है, उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सालिकराम वर्मा ने कहा कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। शीघ्र ही उसे दबोच लिया जाएगा।