विभागीय लापरवाही के चलते शनिवार को पावर कॉर्पोरेशन के एक संविदा लाइनमैन की जान चली गई। वह शट डाउन लेकर एचटी लाइन की फॉल्ट ठीक करने खंभे पर चढ़ा था। मरम्मत कार्य के दौरान ही उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति शुरू कर दिए जाने से लाइनमैन खंभे पर ही करंट से झुलस गया।
कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव नीचे उतारा गया। लाइनमैन की मौत से घर में कोहराम मच गया। गुस्साए ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी व प्रदर्शन किया। एसपी ने सीओ को जांच के निर्देश दिए हैं। मृतक के पिता ने तीन लाइनमैन पर जान बूझकर सप्लाई शुरू करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
रामगांव क्षेत्र में कैथाचक निवासी कमलेश (28) पुत्र रामलाल उपकेंद्र सोहरवा पर संविदा पर लाइनमैन था। शनिवार दोपहर आईटीसी चौपाल के निकट एचटी लाइन में फाल्ट की सूचना मिली। उपकेंद्र से कमलेश को उसे दुरुस्त करने भेजा गया। वह शट डाउन लेकर मौके पर पहुंचा और खंभे पर चढ़कर फ्यूज जोड़ रहा था।
आरोप है कि उसी दौरान विद्युत सप्लाई शुरू कर दी गई। इसके चलते कमलेश खंभे पर ही करंट की चपेट में आकर जलने लगा। यह देख आसपास के लोग दौड़े। जलने के बाद कमलेश का शव खंभे पर तार में उलझकर लटक गया। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद कमलेश का शव नीचे उतारा।
हादसे की सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया। लाइनमैन की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने एसपी दफ्तर पहुंचकर प्रदर्शन व नारेबाजी की। वह दोषी बिजली कर्मियों और क्षेत्रीय जेई पर केस दर्ज करने की मांग कर रहे थे। एसपी ने मामले की जांच सीओ सौंपी है।
कार्रवाई का आश्वासन ग ग्रामीणों को शांत कराया। एसओ संजय ने बताया कि मृतक के पिता रामलाल ने उपकेंद्र के लाइनमैन जयनंदन मिश्र, सुशील गोस्वामी और ओमप्रकाश के खिलाफ तहरीर दी है। इन तीनों पर केस दर्ज किया जा रहा है।