खरचहा गांव में स्थित दुर्गा मंदिर से बुधवार की रात चोरों ने मूर्तियों के जेवर पार कर दिए। इस दौरान मंदिर परिसर में सो रहे एक ग्रामीण को भी पीटकर लूट लिया। इस दौरान एक चोर का मोबाइल मौके पर ही छूट गया। सुबह जब वह मोबाइल लेने पहुंचा तो उसे ग्रामीणों ने दबोच लिया।
सूचना के बावजूद देर से पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। मामले में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू की है। गांव में सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। हरदी थाना अंतर्गत खरचहा गांव में दुर्गा मंदिर बना है। इस मंदिर में मां दुर्गा, भगवान गणेश व अन्य देवी देवताओं की मूर्तियां स्थापित हैं।
प्रतिदिन की तरह मंदिर के पुजारी संतराम ने बुधवार की रात मंदिर में पूजा अर्चना की। इसी दौरान रेहुआ गांव निवासी जगदीश कुमार पहुंचा तो उसे वहीं सुला दिया। रात में एक बजे के आसपास मंदिर पहुंचे चोरों ने परिसर में सो रहे जगदीश की पिटाई कर 500 रुपये छीन लिए। इसके बाद मंदिर का ताला तोड़कर मूर्तियों के सोने के जेवरात उतार लिए।
इस बीच कुछ मूर्तियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इस दौरान एक चोर का मोबाइल मंदिर में ही छूट गया। भोर में मंदिर पहुंचे पुजारी संतराम को चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने सूचना गांव के लोगों को दी। सुबह मंदिर परिसर में मोबाइल लेने आए व्यक्ति को ग्रामीणों ने धर दबोचा।
उसकी निशानदेही पर पास के झाड़ियों में छिपाये गये मंदिर के बर्तन व अन्य सामान बरामद हुए। सूचना थाने पर दी गई, लेकिन हरदी पुलिस काफी देर से गांव पहुंची। इससे ग्रामीण गुस्सा हो गए और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों को थानाध्यक्ष वेदप्रकाश ने समझा बुझाकर शांत कराया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए चोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। उसकी पहचान हैदर अली निवासी महाराजगंज के रूप में हुई है। अन्य की तलाश की जा रही है।