ग्राम समसा तरहर निवासी हरिशंकर साल भर पूर्व नौकरी के लिए मुंबई गया और एक प्राईवेट कंपनी में नौकरी करता था। आरोप है कि उसी कंपनी में काम करने वाली 28 वर्षीया युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।
युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो हरिशंकर टालमटोल करने लगा। तीन माह पूर्व वह युवती को चकमा देकर मुंबई से भाग निकला। मुंबई में हरिशंकर के बारे में पता नहीं चला तो युवती ने उसके गांव का रुख किया।
मंगलवार सुबह युवती रिसिया पहुंची और हरिशंकर के घर दस्तक दी। इस पर हरिशंकर और उसके परिवारीजनों ने युवती को बंधक बना लिया। शाम पांच बजे वह पेट दर्द की बात कहकर खेत जाने के बहाने भाग निकली।
शाम को रिसिया थाने में उसने थानाध्यक्ष आलोक राव को आपबीती बताई। थानाध्यक्ष ने पुलिस टीम को गांव भेजा लेकिन हरिशंकर और परिवारवाले फरार थे। थानाध्यक्ष का कहना है कि युवती की तहरीर पर जांच की जा रही है।
महिला पुलिस की अभिरक्षा में चिकित्सीय परीक्षण के लिए युवती को जिला अस्पताल भेजा जाएगा। केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।