नो-मेंस लैंड के पास एक नेपाली वृद्ध का शव पेड़ से 48 घंटे तक लटकता रहा। मुर्तिहा पुलिस ने रविवार को शव को नीचे उतरवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मुर्तिहा कोतवाली क्षेत्र के एसएसबी कैंप 72 के निकट नो मेंस लैंड पर पेड़ से एक वृद्ध का शव शनिवार को लटका मिले होने की सूचना पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलने पर नेपाल पुलिस से भी संपर्क साधा गया। रविवार को कोतवाल मुर्तिहा राजाराम यादव ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया।
इसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वृद्ध की पहचान नेपाल के जिला बर्दिया अंतर्गत ताराताल नंबर 7 निवासी बहादुर (85) पत्र सीताराम के रूप में हुई है। मौत का सही कारण अभी तक पता नहीं चल सका है।
कोतवाल राजाराम यादव ने बताया कि वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। नेपाल पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। ग्रामीणों के अनुसार वृद्ध के हत्या की भी आशंका जताई जा रही है। ऐसे में मामले की जांच शुरू कर दी गई है।