नानपारा (बहराइच)। दूबर साईंपुरवा गांव में रंजिश को लेकर बुधवार रात दो लोग आमने-सामने आ गए। कहासुनी के दौरान एक ने कट्टे से फायर झोंक दिया, जिससे गोली युवक के कंधे को रगड़ती हुई निकल गई।
जख्मी हालत में युवक को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने तहरीर लेकर केस दर्ज किया है। आरोपी फरार हैं।
कोतवाली नानपारा क्षेत्र अंतर्गत दूबर साईंपुरवा गांव निवासी इंसाफ अली व मोहम्मद शरीफ के बीच जमीन को लेकर रंजिश चल रही है। इसके चलते दोनों पक्षों में आए दिन विवाद होता है।
बुधवार देर रात को इंसाफ का पुत्र मेराज व शरीफ का पुत्र राजू आमने-सामने आ गए। कहासुनी के दौरान मेराज ने राजू पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली उसके दाहिने कंधे को रगड़ते हुए निकल गई।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो मौके से मेराज फरार हो गया। राजू को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। इस मामले में इंसाफ की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि आरोपी फरार है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।