नेपाल से सटे अब्दुल्लागंज रेंज के जंगल में वन कर्मियों व एसएसबी की नेपाली वन माफिया से मुठभेड़ हो गई। माफिया जंगल में लकड़ी काट रहे थे। सूचना पर वनकर्मियों की टीम ने वन माफिया को घेर लिया। इस पर वन माफिया ने फायरिंग शुरू कर दी।
कर्मियों ने सूचना एसएसबी को दी। एसएसबी की टीम कुछ ही देर में वहां पहुंच गई। वन माफिया ने एसएसबी टीम पर भी फायर झोंका। जवाब में एसएसबी टीम ने फायरिंग की। करीब साढ़े तीन घंटे तक जंगल में रुक-रुक कर आठ राउंड फायरिंग हुई है। इसी बीच वन माफिया नेपाल की ओर भाग निकले।
मौके से पांच साइकिल, एक फावड़ा और एक आरा बरामद हुआ है। एसएसबी के उपनिरीक्षक की तहरीर पर नवाबगंज थाने में केस दर्ज किया गया है। बहराइच वन प्रभाग का अब्दुल्लागंज रेंज का जंगल नेपाल सीमा से सटा है। जंगल में बीती देर रात डेढ़ बजे के करीब वनकर्मियों को कटान की भनक लगी।
करीब 30 से 35 की संख्या में नेपाली वन माफिया जंगल में कटान कर रहे थे। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी अब्दुल्लागंज रामप्रताप चौधरी की अगुवाई में वनकर्मियों की एक टीम मौके पर रवाना हुई। जंगल में कटान कर रहे वन माफिया ने वन विभाग की टीम पर फायर झोंक दिया।
किसी तरह वन विभाग की टीम जान बचाकर किनारे छिप गयी। फायरिंग की सूचना वन विभाग के आला अधिकारियों को दी गई। इसके बाद एसएसबी को मौके पर जाने का निर्देश दिया गया। एसएसबी के उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार ने जवानों की एक टीम वनकर्मियों के सहयोग के लिए भेजी।
मौके पर पहुंची एसएसबी की टीम पर भी वन माफिया ने ताबड़तोड़ फायर झोंका। रात डेढ़ बजे से करीब पांच बजे तक रुक-रुक कर आठ राउंड फायरिंग हुई। एसएसबी द्वारा जवाबी फायरिंग के बाद वन माफिया अंधेरे में नेपाल सीमा की ओर फरार हो गए।