विशेश्वरगंज (बहराइच)। रामलीला समिति पुरैना की ओर से बाउंड्रीवॉल बनवाई जा रही है। इसे सोमवार रात एक समुदाय विशेष के लोगों ने ढहा दिया। इस पर जमकर पारपीट हुई।
पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत किया। मारपीट में छह लोग चोटहिल हुए हैं। मौके पर पीएसी तैनात की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामलीला समिति पुरैना के पदाधिकारी कस्बे में स्थित रामलीला मैदान में इस समय चहारदीवारी बनवा रहे हैं। इसके निर्माण का विरोध कुछ लोग कर रहे हैं।
मामले को लेकर दूसरे पक्ष के लोग रात में मौके पर पहुंचे और निर्माणाधीन दीवार को ढहा दिया। सूचना पर रामलीला कमेटी के लोग पहुंचे और मारपीट शुरू हो गई।
देर रात एसओ आरपी यादव की अगुवाई में पीएसी जवान व पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा। किसी तरह लोगों को शांत किया गया। मारपीट में रतनलाल मौर्या, रिंकू, तिलकराम, मदनलाल, पुजारी विश्वकर्मा समेत छह लोग घायल हुए हैं। सभी को विशेश्वरगंज में भर्ती कराया गया है। एसओ ने कहा कि तहरीर मिली है।
जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। एसओ ने बताया कि गांव में तनाव को देखते हुए इलाहाबाद 42वीं बटालियन की सी कंपनी के डेढ़ सेक्शन जवान तैनात किए गए हैं। स्थिति नियंत्रण में है।
उधर, रात की घटना के चलते पुरैना बाजार में मंगलवार को अधिकतर दुकानें बंद रहीं। अब तक कोई भी आरोपी पकड़ा नहीं गया है।