भवानीपुर गांव के पास गेरुआ नदी में पानी पीने गए एक युवक को घड़ियाल खींच ले गया। चीख सुनकर लोग बचाने दौड़े मगर तब तक घड़ियाल युवक को गहराई में लेकर चला गया। ग्रामीणों के साथ वनकर्मी उसे स्टीमर से तलाश रहे हैं मगर अब तक उसका कुछ पता नहीं चल सका।
सुजौली थाना अंतर्गत भवानीपुर गांव निवासी सीताराम (35) पुत्र रूपलाल मेहनत मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता था। गुरुवार शाम को वह खाना बनाने के लिए सूखी लकड़ियां बीनने जंगल के पास गया था। इसी दौरान प्यास लगने पर सीताराम गेरुआ नदी के तट पर चला गया। वहां सीताराम जैसे ही झुका उसी समय पानी में छिपा घड़ियाल उसे नदी में खींच ले गया।
चीखपुकार सुनकर लोग दौड़े मगर तब तक सीताराम गहरे पानी में जा चुका था। ग्रामीणों ने नदी में पत्थर फेंके मगर सीताराम को बचाया नहीं जा सका। सूचना पाकर परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंचे और थाने में भी खबर दी गई। रेंज कार्यालय कतर्नियाघाट को भी मामले से अवगत कराया गया। मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने ग्रामीणों के साथ स्टीमर से नदी को खंगाला लेकिन सीताराम का कुछ पता नहीं चल सका।